संदिली सिंह,रायपुर,4सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने,बलरामपुर–रामानुजगंज जिले में स्थित लुत्ती बांध के टूटने की घटना पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा,कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा,कि मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा नियमित फील्ड निरीक्षण नहीं किए जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई हैं।
मुख्यमंत्री साय ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतत रूप से फील्ड में,जाकर बांधों और संबंधित संरचनाओं का निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सिंचाई परियोजनाओं के रखरखाव और मरम्मत पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आज मंत्रालय महानदी भवन में हुई,बैठक में मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के कामकाज की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी बांधों की जलभराव क्षमता, वर्तमान सिंचाई स्थिति और आगामी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा जिला प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा,कि लक्षित सिंचाई क्षमता और वास्तविक सिंचाई क्षमता के बीच अंतर को कम करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग की अधूरी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा निर्माणाधीन वृहद परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बैठक में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी,कि वर्तमान में 04 वृहद परियोजनाएँ, 357 लघु परियोजनाएँ और 300 एनीकेट कार्य प्रगतिरत हैं। इसके अतिरिक्त 1036 जीर्णोद्धार कार्य भी चल रहे हैं। कुल मिलाकर 1697 कार्य प्रगतिरत हैं, जिनमें लगभग ₹8966 करोड़ की राशि व्यय होने वाली हैं।
मुख्यमंत्री साय ने बैठक के समापन में अधिकारियों को निर्देश दिए,कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और समय पर कार्य पूर्णता सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं की गुणवत्ता और किसानों की भलाई सुनिश्चित हो।
🟠कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
🔸️मुख्यमंत्री : विष्णु देव साय
🔸️मुख्य सचिव : अमिताभ जैन
🔸️मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव : सुबोध कुमार सिंह
🔸️मुख्यमंत्री के सचिव : राहुल भगत
🔸️मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव : रवि मित्तल
🔸️जल संसाधन विभाग के सचिव : राजेश सुकुमार टोप्पो
🔸️प्रमुख अभियंता : इंद्रजीत उईके, बस्तर, सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग मंडलों के मुख्य अभियंता सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।












