संदिली सिंह,बस्तर/छत्तीसगढ़,7सितंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्षों में परिवहन और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार विकास की बड़ी उपलब्धियों में से एक हैं। राजधानी रायपुर पहले से ही देश के प्रमुख शहरों से वायु मार्ग से जुड़ा था,लेकिन अब बस्तर, बिलासपुर और अंबिकापुर जैसे शहर भी नियमित विमान सेवाओं से सीधे देश के बड़े शहरों से जुड़ गए हैं।
विशेष रूप से बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित माँ दंतेश्वरी हवाई अड्डा क्षेत्र में आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास का नया केंद्र बनकर उभरा हैं। ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण इस एयरपोर्ट का निर्माण 1939 में ब्रिटिश शासनकाल में हुआ था। वर्ष 2017 में इसे उड़ान योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया और 2019 में 3-सी श्रेणी में अपग्रेड किया गया।
सितंबर 2020 से रायपुर और हैदराबाद के लिए नियमित व्यावसायिक उड़ानें शुरू हुईं, जिसके बाद दिल्ली, जबलपुर और बिलासपुर के लिए भी सेवाएँ प्रारंभ की गईं। मार्च 2024 से इंडिगो एयरलाइंस ने जगदलपुर को रायपुर और हैदराबाद से जोड़ते हुए,दैनिक सेवा उपलब्ध कराई। पैरामिलिट्री बलों के लिए विशेष दिल्ली सेवा भी शुरू हुई हैं।
वर्तमान में जगदलपुर एयरपोर्ट से लगभग 3 लाख यात्री हवाई यात्रा कर चुके हैं। इससे न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के अवसर मिले हैं, बल्कि व्यापार और पर्यटन में भी अभूतपूर्व वृद्धि हुई हैं। बस्तर के हस्तशिल्प, वनोपज और हर्बल उत्पाद अब देश के बड़े बाजारों तक आसानी से पहुँच रहे हैं।
चित्रकूट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और बस्तर दशहरा जैसे पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से पर्यटकों की आवक बढ़ी हैं। यह एयरपोर्ट आने वाले समय में बस्तर के सामाजिक और आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।












