Nexis News

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की सामुदायिक पर्यटन की नई पहल

संदिली सिंह,जशपुर/छत्तीसगढ़,14सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News

छत्तीसगढ़ में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले में सामुदायिक पर्यटन की नई पहल का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित कैंप कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से जशपुर के पाँच ग्रामों—देओबोरा, केरे, दनगरी, छिछली और घोघरा में होम-स्टे योजना की शुरुआत की। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि प्रदेश सरकार पर्यटन क्षेत्र को उद्योग का दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा—

“होम-स्टे नीति न केवल पर्यटन को नई पहचान देगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार और उद्यमशीलता के नए अवसर भी प्रदान करेगी। आदिवासी संस्कृति, खान-पान और जीवनशैली के प्रति पर्यटकों की जिज्ञासा को देखते हुए यह योजना जशपुर की पहचान को और मजबूत बनाएगी।”

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई,कि होम-स्टे के जरिए आने वाले पर्यटक ग्रामीण जीवन, परंपराओं और सादगी का अनुभव करेंगे, जो उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।

🟠पर्यटन मित्रों को मिला प्रशिक्षण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षित पर्यटन मित्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। यह प्रशिक्षण सामुदायिक पर्यटन और होम-स्टे विकास पर केंद्रित था, जिससे संबंधित ग्रामों को इको-टूरिज्म गंतव्य के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

🟠जशपुर के पर्यटन स्थलों का महत्व

कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने कहा,कि जशपुर का मकरभंजा जलप्रपात छत्तीसगढ़ का सबसे ऊंचा जलप्रपात हैं। जिले के अन्य झरने और प्राकृतिक सौंदर्य इसे पर्यटन की दृष्टि से खास बनाते हैं।विधायक गोमती साय ने कहा, कि जशपुर की प्राकृतिक खूबसूरती पर्यटकों के दिल में स्थायी छाप छोड़ती हैं।

🟠कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!