संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,24सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ में निवेश का नया अध्याय लिखते हुए,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के ओमाया गार्डन में आयोजित छत्तीसगढ़ केयर कनेक्ट कार्यक्रम में ऐलान किया,कि राज्य हेल्थ, वेलनेस और पर्यटन क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में 3,119.07 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं, जिनसे 7,000 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा,कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत विज़न के अनुरूप छत्तीसगढ़ भी विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा हैं। उन्होंने बताया,कि नई औद्योगिक नीति ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया हैं,और मात्र 10 महीने में साढ़े 7 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
🟠हेल्थकेयर में 2,466 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
कार्यक्रम में हेल्थ सेक्टर में 11 बड़े प्रोजेक्ट के लिए 2,466 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। इनमें रायपुर के गिन्नी देवी गोयल मणिपाल हॉस्पिटल (500 बेड, 307 करोड़), माँ पद्मावती इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (750 बेड, 340 करोड़), बॉम्बे हॉस्पिटल (300 बेड, 680 करोड़), नीरगंगा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (450 बेड, 205 करोड़) समेत कई सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शामिल हैं।इन प्रोजेक्ट्स से कुल 2,800 से अधिक हॉस्पिटल बेड्स की सुविधा और लगभग 6,000 रोजगार अवसर प्राप्त होंगे। नवा रायपुर में विकसित हो रहा मेडिसिटी छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर का मेडिकल हब बनाएगा।
🟠होटल और पर्यटन में 652 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
होटल व पर्यटन सेक्टर में 652 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए। वेस्टिन होटल रायपुर (212.7 करोड़), होटल जिंजर रायपुर (78 करोड़), अम्यूज़ोरामा अम्यूज़मेंट पार्क एंड होटल (80.91 करोड़) जैसे कई बड़े निवेशकों ने रुचि दिखाई हैं।मुख्यमंत्री ने कहा,कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिए जाने से होटल, रिसॉर्ट और मनोरंजन उद्योग को विशेष लाभ मिलेगा और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर का प्रचार-प्रसार होगा।
🟠नई तकनीक और एआई हब की ओर कदम
मुख्यमंत्री साय ने बताया,कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क का निर्माण किया जा रहा हैं,जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा मैनेजमेंट का हब बनेगा। इससे छत्तीसगढ़ नई तकनीक और आईटी सेक्टर में भी मजबूत पहचान बनाएगा।
🟠निवेशकों के लिए वन-क्लिक सिस्टम और आसान प्रक्रिया
निवेशकों को आकर्षित करने के लिए छत्तीसगढ़ में सिंगल विंडो वन-क्लिक सिस्टम लागू किया गया हैं। मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया,कि दिल्ली इन्वेस्टर समिट के बाद पालीमैटेक कंपनी को तीन माह से भी कम समय में भूमि आवंटन और सभी स्वीकृतियाँ प्रदान कर दी गईं।
🟠मुख्यमंत्री का आह्वान
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि हेल्थकेयर, वेलनेस, होटल और पर्यटन सेक्टर के निवेश से छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सुविधा और सहयोग देगी।












