Nexis News

साइकिल संग सपनों की उड़ान—लखनपुर में बेटियों को मिली नई रफ़्तार

न्यूज डेस्क,स्पेशल रिपोर्ट,सरगुजा/छत्तीसगढ़/25सितंबर2025—Nexis News

लखनपुर में सरस्वती साइकिल वितरण योजना का आयोजन
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने बालिकाओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया।

बेटियाँ पढ़ेंगी तभी समाज बढ़ेगा—इस सोच को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में आज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, लखनपुर में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत बड़ी संख्या में छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साथ ही विद्यालय में वॉटर कूलर का लोकार्पण भी किया गया, जिससे बच्चों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने बालिकाओं को साइकिल प्रदान करते हुए कहा—
“यह योजना बेटियों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर है। साइकिल मिलने से छात्राएँ अब बिना किसी कठिनाई के विद्यालय तक पहुँच पाएँगी और शिक्षा की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ेंगी।”

मंत्री ने यह भी विश्वास जताया कि इन प्रयासों से छात्राएँ और अधिक उत्साह व आत्मविश्वास के साथ विद्यालय जाएँगी और अपनी शिक्षा यात्रा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बालिकाएँ नई साइकिल पाकर खुश दिखाई दीं और शिक्षकों व अभिभावकों ने सरकार की इस पहल को सराहा। स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!