संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,30सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित अंबुजा मॉल के सिनेमाघर में छत्तीसगढ़ी फिल्म “बलिदानी राजा गुरु बालकदास” को देखने पहुंचे। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा, विधायक रोहित साहू, धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब सहित सतनामी समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
🟠फिल्म टैक्स फ्री करने की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने घोषणा की कि फिल्म “बलिदानी राजा गुरु बालकदास” को पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में टैक्स फ्री किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक दर्शक इस प्रेरणादायी गाथा को देख सकें और अपने इतिहास एवं सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ सकें।
🟠साहस और संघर्ष की गाथा
मुख्यमंत्री ने कहा,कि यह फिल्म साहस और शौर्य की अनुपम गाथा हैं। गुरु बालकदास ने अंग्रेजों और पिंडारियों के अत्याचारों के खिलाफ संघर्ष करते हुए,किसानों को भुखमरी से बचाने, समाज को संगठित करने, शिक्षा का अलख जगाने और सामाजिक सद्भाव बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने अंग्रेजों की दमनकारी नीतियों का विरोध करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में भी अहम भूमिका निभाई।
🟠छत्तीसगढ़ी सिनेमा को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा,कि छत्तीसगढ़ वीर शहीदों और संत-महात्माओं की धरती हैं, इसलिए ऐसी फिल्मों के माध्यम से हमारी विरासत और बलिदान की कहानियाँ आने वाली पीढ़ी तक पहुँचनी चाहिए। उन्होंने छत्तीसगढ़ी सिनेमा की सराहना करते हुए कहा,कि हमारे कलाकार और निर्देशक अपनी मेहनत से राज्य के सिनेमा को नई पहचान दिला रहे हैं।राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित फिल्म सिटी का निर्माण स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अधोसंरचना, अवसर और राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करेगा। इससे छत्तीसगढ़ी सिनेमा और भी मजबूत होगा और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।












