संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/1नवंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ के इतिहास में आज 1नवम्बर का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज होगा। राज्य स्थापना के 25वें वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नवा रायपुर में निर्मित नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे।324 करोड़ की लागत से 51 एकड़ में फैला यह भव्य, अत्याधुनिक और पर्यावरण अनुकूल विधानसभा भवन छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और प्रगति का जीवंत प्रतीक हैं। भवन की वास्तुकला में ‘धान के कटोरे’ छत्तीसगढ़ की पहचान को बखूबी उकेरा गया हैं — सदन की छत पर धान की बालियाँ, दरवाजों व फर्नीचर में बस्तर की पारंपरिक काष्ठ कला, और परिसर में हरित तकनीक का सुंदर संयोजन इसकी विशेषता हैं।
नया भवन भविष्य की जरूरतों के अनुरूप ‘स्मार्ट विधानसभा’ के रूप में विकसित होगा, जहाँ पेपरलेस कार्यप्रणाली और अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। परिसर में 500 सीटर ऑडिटोरियम, 100 सीटर सेंट्रल हॉल और वर्षा जल संचयन के लिए दो सरोवर बनाए गए हैं।
यह भव्य भवन न केवल लोकतंत्र के गौरव का प्रतीक बनेगा, बल्कि तीन करोड़ छत्तीसगढ़वासियों की आकांक्षाओं और आत्मगौरव को भी साकार करेगा।












