संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,29जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
अबूझमाड़ अंचल सहित पूरे नारायणपुर जिले के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का 30 और 31 जनवरी का दो दिवसीय दौरा विकास की नई रफ्तार लेकर आएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री 361 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार और प्रस्तावित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। सड़क, अधोसंरचना, जनसुविधा और सामाजिक विकास से जुड़े ये कार्य जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास की पहुंच को मजबूत करेंगे।30 जनवरी को मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे हेलीकॉप्टर से तहसील हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे गढ़बेंगाल घोटूल जाकर पद्मश्री हेमचंद मांझी, पद्मश्री पंडीराम मंडावी, बुटलुराम माटरा सहित समाज प्रमुखों से संवाद करेंगे। यह भेंट आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सहभागिता के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री की विशेष पहल पर शुरू की गई मुख्यमंत्री बस सेवा भी इस दौरे का प्रमुख आकर्षण होगी। मुख्यमंत्री इसी बस से यात्रा कर ग्राम कुरूषनार पहुंचेंगे, जहां वे पीडीएस दुकान का निरीक्षण, स्कूल में बच्चों से संवाद तथा महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों को राशि वितरण करेंगे। यह दौरा योजनाओं की जमीनी हकीकत को परखने और जनता से सीधे संवाद का उदाहरण बनेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री कुरूषनार से शांत सरोवर (बिजली) पहुंचेंगे, जहां बोटिंग और कायाकिंग गतिविधियों का शुभारंभ करेंगे। साथ ही बाइकर्स इवेंट में शामिल होकर पर्यटन और युवा गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश देंगे।मुख्यमंत्री इसके पश्चात हाईस्कूल नारायणपुर पहुंचेंगे, जहां विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास, बस्तर पंडुम का जिला स्तरीय आयोजन, विभिन्न परियोजनाओं के अनुबंध, हितग्राहियों को सामग्री वितरण, मलखंभ प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का उद्बोधन तथा ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा।
सायंकाल मुख्यमंत्री आईटीबीपी बटालियन, जेलबाड़ी गंराजी पहुंचकर जवानों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ रात्रि भोज में शामिल होंगे। इसके बाद वे विश्रामगृह में जनप्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम नारायणपुर में रहेगा।31 जनवरी को प्रातः 6 बजे मुख्यमंत्री अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के अंतर्गत आयोजित जुंबा कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद 6.30 बजे मैराथन को फ्लैग-ऑफ करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे रामकृष्ण आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ नाश्ता करेंगे और हाईस्कूल ग्राउंड हेलीपैड से रायपुर के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का यह दौरा नारायणपुर जिले के लिए विकास कार्यों की सौगात, दूरस्थ इलाकों में सरकारी योजनाओं की सीधी पहुंच तथा सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को मजबूती देने वाला माना जा रहा हैं। अबूझमाड़ जैसे अति दूरस्थ अंचल तक मुख्यमंत्री की मौजूदगी से जिले में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी हैं।












