संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,3फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
प्रदेश के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी प्रक्रिया में एक अहम निर्णय लिया हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने किसानों को अतिरिक्त दो दिवस – 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक धान विक्रय की अनुमति प्रदान की हैं, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।यह राहत विशेष रूप से उन किसानों के लिए दी गई हैं,जो तकनीकी कारणों, सत्यापन में विलंब या निर्धारित तिथि पर धान नहीं बेच पाने की वजह से परेशानी का सामना कर रहे थे। सरकार द्वारा तय की गई व्यवस्था के तहत तीन श्रेणियों के किसान इस अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे।
इनमें वे किसान शामिल हैं,जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था लेकिन सत्यापन नहीं हो सका,वे किसान जिनका आवेदन सत्यापन के बाद योग्य पाया गया और जिनके पास धान उपलब्ध हैं, साथ ही वे किसान जिन्हें 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन मिला था लेकिन किसी कारणवश धान विक्रय नहीं कर पाए थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं,कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए बारदाना, हमाल, तौल और खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती हैं,कि हर किसान अपनी उपज का सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध विक्रय कर सके।राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता हैं। यह पहल न केवल किसानों का भरोसा बढ़ाएगी, बल्कि धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं किसान-हितैषी बनाएगी।












