Nexis News

रायपुर से गिरौदपुरी तक ‘विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा’ का शुभारंभ,सीएम साय ने दिखाई हरी झंडी

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis Newsमुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के मोवा स्थित सतनाम भवन परिसर से “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” का विधिवत शुभारंभ किया। धार्मिक विधि-विधान के साथ उन्होंने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर पावन गिरौदपुरी धाम के लिए रवाना किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पवित्र जैतखाम की पूजा-अर्चना कर गुरु घासीदास बाबा का पुण्य स्मरण किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

🟠“मनखे-मनखे एक समान” का संदेश बना प्रेरणा

मुख्यमंत्री साय ने पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और सामाजिक बंधुओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा, कि गुरु घासीदास बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश संपूर्ण मानव समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विश्वास जताया,कि यह पदयात्रा समाज में सद्भावना, समरसता और भाईचारे को और सशक्त करेगी।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं,और सामाजिक हितों को गति देने हेतु विशेष प्राधिकरण का गठन किया गया हैं। पदयात्रा के उपरांत गिरौदपुरी धाम में विशाल मेले के आयोजन की जानकारी भी दी गई।

🟠सामाजिक समरसता और राष्ट्र प्रथम का आह्वान

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि यह पदयात्रा सामाजिक समरसता, मानव कल्याण और एकता के उद्देश्य से आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने सभी से सामाजिक भेदभाव और द्वेष से ऊपर उठकर “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक मोतीलाल साहू, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, छत्तीसगढ़ रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित संत समाज एवं सर्व समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

🟠18 से 22 फरवरी तक चलेगी पदयात्रा

रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक प्रस्तावित “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” का आयोजन 18 से 22 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान गिरौदपुरी धाम मेले में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।यह पदयात्रा सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!