स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं, सिकल सेल और HIV जांच अभियान पर भी दी विस्तृत जानकारी; बोले— नीट मामले में केंद्र सरकार कर रही है कड़ी कार्रवाई
स्पेशल रिपोर्ट,न्यूज डेस्क,छत्तीसगढ़।04जून2026—Nexis News
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों को साझा करते हुए विपक्ष (कांग्रेस) पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर चुटकी लेते हुए कहा कि “यह अच्छा है कि जहां-जहां राहुल गांधी जी के चरण पड़ रहे हैं, वहां-वहां कांग्रेस सूखती जा रही है।”
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास प्रदेश में अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। वे केवल और केवल जनता को गुमराह करने और राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
”खोदा पहाड़ निकली चुहिया” साबित होगी कांग्रेस की हलचल:
विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने की कोशिशों और मीडिया में चल रही राजनीतिक हलचलों पर बात करते हुए मंत्री जायसवाल ने कहा, “कांग्रेस के लोग हर चुनाव में पीटते हैं। रिजल्ट से पहले कहते हैं कि सरकार बनाएंगे और जब हार जाते हैं तो ठीकरा ईवीएम, चुनाव आयोग या सरकार के सिर फोड़ देते हैं। उनकी इस भाषा और बात का कोई अर्थ नहीं है। जनता का भरोसा हमारी सरकार पर है।”
उन्होंने आगे कहा, “मीडिया में कांग्रेस की जिस तथाकथित हलचल की बात कही जा रही है, उसका कोई नतीजा नहीं आने वाला। ढाई साल से ये लोग पहाड़ खोद रहे हैं, लेकिन अंत में ‘खोदा पहाड़ निकली चुहिया’ ही साबित होगा।”
सिकल सेल और HIV के खिलाफ राज्य में महा-अभियान, सच छिपाएगी नहीं सरकार:
स्वास्थ्य मंत्री ने प्रदेश में फैल रही सिकल सेल और HIV जैसी गंभीर बीमारियों पर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के उन शीर्ष राज्यों में शामिल है जहां सिकल सेल की समस्या अधिक है। सरकार इसके लिए स्क्रीनिंग, दवाइयों और ब्लड यूनिट्स का पर्याप्त इंतजाम कर रही है।
रायगढ़ और राज्य के अन्य हिस्सों में HIV के मामलों पर बोलते हुए जायसवाल ने कहा:
”हम किसी भी बीमारी को दबाते नहीं हैं। हमारी सरकार पूरे प्रदेश में एक अभियान चलाकर HIV पीड़ितों और शुरुआती लक्षण वाले लोगों की जांच कर रही है। जब बड़े स्तर पर अभियान चलाकर जांच होगी, तो मामले सामने आएंगे ही। इसमें घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार के पास दवाइयों के पर्याप्त इंतजाम हैं।”
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि एक ही सिरिंज से कई लोगों को इंजेक्शन लगाने और असुरक्षित यौन संबंधों जैसे कारणों से HIV फैलता है, इसे लेकर समाज में जागरूकता बहुत जरूरी है।
दवाइयों की गुणवत्ता और नीट (NEET) मामले पर स्पष्टीकरण:
अमानक दवाइयों की खबरों पर स्वास्थ्य मंत्री ने बेबाकी से कहा कि यदि दवाइयों की जांच हो रही है और गड़बड़ी पकड़ी जा रही है, तो यह दर्शाता है कि हमारा विभाग सजग है। उन्होंने कहा, “जांच भी हमारा ही विभाग कर रहा है। अगर हम जांच ही नहीं करेंगे तो सच कैसे सामने आएगा? यहां ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ वाला काम नहीं चल रहा है।”
वहीं राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे नीट (NEET) मामले पर उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का स्थानीय मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय मामला है। इस पर भारत सरकार पूरी संजीदगी से एक्शन ले रही है और लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहा सुशासन:
बयान के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन की सरकार चल रही है। चारों तरफ विकास के अच्छे काम हो रहे हैं। कांग्रेस ने पिछले समय में जितने भ्रष्टाचार किए और प्रदेश को 10 साल पीछे धकेला, जब भी वे कुछ करने की सोचते हैं तो उन्हें अपने वो पुराने ‘दाग’ याद आ जाते हैं। जनता अब उनके झांसे में नहीं आने वाली है।
रिपोर्ट: Nexis News ब्यूरो, रायपुर।












