न्यूज डेस्क,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,8जून2026
बिलासपुर के तिफरा बाजार चौक में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक फल व्यापारी पर उसकी पत्नी के सामने ही धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।जानकारी के अनुसार घायल मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। तभी आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से पकड़कर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।
🟠खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गंभीर रूप से घायल मनीष गोस्वामी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी हैं। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 409/2026 दर्ज कर धारा 103 एवं 115(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
🟠जांच में सामने आई चौंकाने वाली वजह
पुलिस विवेचना में सामने आया,कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ कथित संबंध था। इस बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू लंबे समय से नाराज था और इसी विवाद के चलते उसने हमले की साजिश रची।पुलिस के अनुसार आरोपी ने मौके की तलाश कर बाजार में ही मनीष पर हमला कर दिया और फरार हो गया।
🟠रायपुर में छिपा था आरोपी, पुलिस ने दबोचा
वारदात के बाद आरोपी लगातार फरार था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि वह रायपुर में छिपा हुआ हैं। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना की टीम देर रात रायपुर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया हैं।
🟠जेल भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और विवाद की पूरी पृष्ठभूमि की जांच कर रही हैं।












