डेनियल सेप्टी,नारायणपुर,छत्तीसगढ़,9जून 2026
नारायणपुर कभी नक्सल प्रभाव के कारण जनप्रतिनिधियों की पहुंच से दूर रहा,नारायणपुर जिले का सुदूर ग्राम वारकोट अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा हैं। क्षेत्रीय विधायक विक्रमदेव उसेंडी पहली बार गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शिक्षा, सड़क तथा सिंचाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
ग्रामीणों के अनुसार विधायक के रूप में 17 वर्षों और सांसद के रूप में 5 वर्षों के कार्यकाल के बावजूद वे पहली बार गांव पहुंचे हैं। क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद,अब जनप्रतिनिधियों की पहुंच इन दूरस्थ इलाकों तक संभव हो सकी हैं।कोटरी नदी पार कर वारकोट पहुंचे विधायक विक्रमदेव उसेंडी का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होंने गांव में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।
🟠अधूरे पीएम आवास पर जताई नाराजगी
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 21 आवासों की समीक्षा के दौरान विधायक ने पाया,कि अधिकांश मकान अब भी अधूरे हैं। इस पर उन्होंने पंचायत सचिव को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
🟠बच्चों की पढ़ाई बनी बड़ी चिंता
ग्रामीणों ने विधायक को बताया,कि गांव में माध्यमिक शाला नहीं होने के कारण बच्चों को पांचवीं के बाद पढ़ाई के लिए कोटरी नदी पार कर श्रीपुर जाना पड़ता हैं। बरसात के मौसम में नदी उफान पर रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती हैं,और कई छात्र स्कूल छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं।
🟠अगले सत्र से शुरू होगी माध्यमिक शाला
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए,विधायक विक्रमदेव उसेंडी ने घोषणा की कि अगले शैक्षणिक सत्र से वारकोट में माध्यमिक शाला शुरू कराई जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कोटरी नदी पर एनिकेट निर्माण, गांव में सीसी सड़क और देवगुड़ी निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कराने का भी आश्वासन दिया।
🟠विकास को मिलेगी नई रफ्तार
विधायक ने कहा,कि एनिकेट बनने से न केवल सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, बल्कि बरसात के दौरान ग्रामीणों के आवागमन की समस्या भी काफी हद तक दूर हो जाएगी।ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वारकोट अब तक विकास की दौड़ में पीछे रह गया था, लेकिन अब गांव की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए तेजी से विकास कार्य कराए जाएंगे। घोषित योजनाओं के लिए जल्द राशि स्वीकृत कर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।












