न्यूज डेस्क,रायगढ़,छत्तीसगढ़,10जून2026
जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमारी कर नकली शराब बनाने और उसे बाजार में खपाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया हैं। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली शराब, स्प्रिट, खाली बोतलें, नकली लेबल और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया हैं, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
🟠ब्रांडेड शराब के नाम पर लोगों की जान से हो रहा था खिलवाड़
पुलिस जांच में खुलासा हुआ हैं,कि आरोपी रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर, गोल्डन गोवा और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांडों के नाम पर नकली शराब तैयार कर रहे थे। गिरोह पुरानी शराब की बोतलों को इकट्ठा कर उन्हें साफ करता था और फिर नकली लेबल व होलोग्राम लगाकर बाजार में असली शराब के रूप में बेचता था।बताया जा रहा हैं,कि शराब में स्प्रिट और अन्य रसायनों के साथ रेड लेबल चायपत्ती जैसी सामग्री मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाई जाती थी। इसके बाद इसे कोचियों और अवैध सप्लाई नेटवर्क के जरिए बाजार तक पहुंचाया जाता था। इस नकली शराब से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और जीवन को गंभीर खतरा था।
🟠ऐसे हुआ पूरे खेल का खुलासा
रायगढ़ पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू बड़े पैमाने पर नकली शराब का कारोबार कर रहा हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना कोतरारोड़, साइबर सेल और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई शुरू की।पुलिस के एक प्वाइंटर को शराब खरीदने के लिए भेजा गया। जब खरीदी गई शराब की जांच की गई तो उसके लेबल, होलोग्राम, स्वाद और सुगंध में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद टीम ने तत्काल आरोपी के ठिकाने पर छापा मारा।
🟠कोठे से मिला नकली शराब का जखीरा
छापेमारी के दौरान आरोपी के घर परिसर में बने कोठे से भारी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 869 नग विभिन्न पैमानों की लगभग 240 लीटर नकली शराब, 560 शराब ढक्कन, स्प्रिट के ड्रम, केटली, खाली बोतलें और पैकेजिंग सामग्री जब्त की।पुलिस के अनुसार जब्त शराब और सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 16 हजार 245 रुपये हैं। हालांकि बाजार में इसकी बिक्री से इससे कहीं अधिक अवैध कमाई की जा रही थी।
🟠कोरोना काल से चल रहा था अवैध कारोबार
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत पटेल ने स्वीकार किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर कोरोना काल से यह अवैध कारोबार चला रहा था। गिरोह अलग-अलग राज्यों से शराब और अन्य सामग्री लाकर नकली शराब तैयार करता था और उसे असली ब्रांडेड शराब बताकर बेचता था।
🟠एक गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
पुलिस ने मामले में दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू (47 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी सुभाष पटेल और विनय सिंह की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही हैं।
🟠एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही हैं। नकली शराब बनाकर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके प्रत्येक सदस्य के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना हैं,कि “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।












