Nexis News

खाद-बीज संकट और किसानों की बदहाली को लेकर किसान कांग्रेस का धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा 9 सूत्रीय मांग पत्र

न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,11जून2026 खरीफ सीजन के बीच खाद, बीज और डीजल की कमी से जूझ रहे किसानों की समस्याओं को लेकर, जिला किसान कांग्रेस ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसान खाद, बीज और डीजल जैसी मूलभूत कृषि जरूरतों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। सोसायटियों में लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।किसान कांग्रेस ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय उन्हें जटिल प्रक्रियाओं में उलझा रही हैं। संगठन का आरोप हैं,कि आम किसान परेशान हैं, जबकि प्रभावशाली लोगों को आसानी से सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

🟠मांग पत्र में शामिल प्रमुख मांगें

किसान कांग्रेस ने किसानों के हित में 9 प्रमुख मांगें उठाई हैं, जिनमें प्रति एकड़ एक बोरी खाद की सीमा समाप्त करना, खाद वितरण की किश्त व्यवस्था खत्म कर एकमुश्त खाद उपलब्ध कराना, किसानों को जरूरत के अनुसार खाद-बीज लेने की स्वतंत्रता देना और जरीकिन में डीजल देने पर लगी रोक हटाना शामिल है।इसके अलावा कृषि बिजली को मुफ्त करने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने, खाद की कालाबाजारी पर सख्त रोक लगाने, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण सीमा को बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने तथा धान एवं अन्य कृषि उपज का भुगतान एकमुश्त करने की मांग भी की गई हैं।संगठन ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य और कृषि अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा किसानों की लंबित अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान करने की भी मांग उठाई।

🟠आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू ने कहा कि किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा हैं। उन्होंने चेतावनी दी,कि यदि जल्द मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान कांग्रेस प्रदेशव्यापी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सूरज तिवारी, रमेश खूंटे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!