संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18जून2026
परिवहन विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस प्रकाश ने प्रदेश के सभी, RTO और DTO अधिकारियों को मुख्यालय में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बकाया राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए विशेष अभियान चलाने, तथा बकायादार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में बस संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा गया,कि बस स्टैंडों पर प्रतिदिन निगरानी की जाएगी। निर्धारित समय सारिणी का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर कार्रवाई होगी। वहीं परमिट लेने के बावजूद बसों का संचालन नहीं करने वाले संचालकों के परमिट निरस्त किए जाएंगे, ताकि नए आवेदकों को अवसर मिल सके।
परिवहन आयुक्त ने लग्जरी बसों में ज्वलनशील पदार्थ, अवैध सामान और ओवरलोडिंग पाए जाने पर वाहन जब्ती तथा एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। दुर्ग के ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर द्वारा अवैध रूप से फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किए जाने के मामले में सेंटर संचालक, वाहन मालिकों और संबंधित वेंडरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री राहत योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत RTO और DTO अधिकारियों को दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण करने तथा अस्पतालों और थानों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया हैं।
बैठक में वाहन डीलरों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। नए वाहनों के पंजीयन, यूज्ड कारों के नामांतरण और ANPR आधारित ई-चालानों के निपटान की प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया गया। परिवहन कार्यालयों में ई-चालान भुगतान के लिए अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे तथा गलत चालानों का त्वरित सत्यापन कर उन्हें निरस्त किया जाएगा।परिवहन आयुक्त ने सभी अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर निर्देशों के अनुपालन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।












