न्यूज डेस्क,खरसिया,छत्तीसगढ़,23जून2026
सेवा और विकास के मूल मंत्र को साकार करते हुए, खरसिया के 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल ने स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में,एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की हैं। अस्पताल में बॉडी प्रिजर्वर (शव संरक्षण यंत्र) से लैस आधुनिक पोस्टमार्टम रूम का लोकार्पण नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, एसडीएम प्रवीण तिवारी, सीएमओ नीतू अग्रवाल, बीएमओ डॉ. वी.के. राठिया एवं डॉ. सुरेश राठिया द्वारा किया गया।
कभी ‘रिफर सेंटर’ की पहचान रखने वाला यह अस्पताल अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित हो चुका हैं।अस्पताल के कायाकल्प में प्रशासन और जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही हैं।नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने बताया कि एक वर्ष पूर्व जिम्मेदारी संभालने के बाद, अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार का संकल्प लिया गया था। एसडीएम प्रवीण तिवारी के सहयोग से लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित कर कमियों की पहचान की गई और उन्हें दूर करने के लिए ठोस प्रयास किए गए।
अस्पताल परिसर में अनुपयोगी और जर्जर कमरों का नवीनीकरण कर एयर कंडीशंड प्राइवेट पेइंग वार्ड एवं जनरल वार्ड विकसित किए गए हैं। इसके अलावा ब्लड बैंक, शुद्ध पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया गया हैं। शासन के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सकों और अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति होने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आया हैं।अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब मरीजों को उपचार के लिए अन्य स्थानों पर रेफर करने की आवश्यकता काफी कम हो गई हैं। अस्पताल में प्रतिमाह 70 से 80 सुरक्षित प्रसव और 30 से 35 सफल ऑपरेशन किए जा रहे हैं।
लोकार्पण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने कहा,कि पहले पोस्टमार्टम के लिए शवों को खुले में रखना पड़ता था और परिजनों को धूप व बारिश में परेशानी का सामना करना पड़ता था। आधुनिक पोस्टमार्टम रूम के निर्माण से अब शव संरक्षण और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं सम्मानजनक तरीके से संपन्न हो सकेगी।स्थानीय नागरिकों ने भी अस्पताल में हुए व्यापक सुधारों और नई सुविधाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।












