न्यूज डेस्क,नई दिल्ली,25जून2026
छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए,संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 में शानदार सफलता हासिल की हैं। नई दिल्ली के द्वारका स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी कर रहे 13 विद्यार्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सदन में सफल अभ्यर्थियों से, मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और मुख्य परीक्षा के लिए सफलता का मंत्र भी दिया।मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि यह सफलता केवल 13 विद्यार्थियों की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन मेहनतकश परिवारों के संघर्ष, समर्पण और सपनों की जीत हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने बच्चों को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
🟠प्रतिभा की कोई सीमा नहीं, मेहनत ही सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी के पिता राजमिस्त्री हैं, कोई किसान परिवार से है तो कोई शिक्षक परिवार से जुड़ा हैं, लेकिन इन सभी ने यह साबित कर दिया हैं,कि प्रतिभा कभी परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती। दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता हैं।उन्होंने कहा,कि इन युवाओं की सफलता प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह संदेश देती हैं,कि बड़े सपने देखने वालों के लिए कोई मंजिल दूर नहीं होती।
🟠मुख्य परीक्षा के लिए दिया सफलता का मंत्र
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से उनकी तैयारी, अध्ययन पद्धति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा,कि प्रारंभिक परीक्षा सफलता का पहला पड़ाव हैं। अब पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी करनी होगी।उन्होंने कहा कि अनुशासन, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहते हैं, सफलता अंततः उन्हीं के कदम चूमती हैं।
🟠प्रशासनिक सेवा राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा,कि सिविल सेवा केवल प्रतिष्ठित करियर नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सफल अभ्यर्थियों से अपेक्षा की कि भविष्य में प्रशासनिक जिम्मेदारी मिलने पर वे संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।
🟠ट्राइबल यूथ हॉस्टल बना प्रतिभाओं का नया केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया,कि राज्य सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में नई दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 सीटों से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई हैं।उन्होंने कहा,कि इस पहल से दूरस्थ जनजातीय, ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर माहौल और संसाधन मिल रहे हैं। ट्राइबल यूथ हॉस्टल अब छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का मजबूत केंद्र बन चुका हैं।
🟠इन 13 विद्यार्थियों ने बढ़ाया प्रदेश का मान
UPSC प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सफल होने वाले विद्यार्थियों में गौतम कुमार, कुलभूषण सिंह पोया, हरि चंद्र प्रकाश सिंह, मयंक रात्रे, मलिकराम पटेल, आर्यन राठौर, चेतन लाल, हरीश कुमार पटेल, किशन लाल साहू, सत्यनारायण चंद्राकर, दीक्षा दिवाकर, विकेश कुर्रे और प्रकाश पटेल शामिल हैं।
🟠उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने भी दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि ये युवा आने वाले समय में देश की प्रशासनिक सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और ऊंचा करेंगे।












