Nexis News

रथयात्रा से पहले साइबर ठगों पर बड़ा प्रहार : श्रद्धालुओं को ठगने वाली 50 फर्जी होटल बुकिंग वेबसाइटें बंद

न्यूज डेस्क,पूरी,उड़ीसा,30जून2026

आगामी जगन्नाथ रथयात्रा से पहले ओडिशा क्राइम ब्रांच ने,साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए,श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली करीब 50 फर्जी होटल बुकिंग वेबसाइटों को बंद करा दिया हैं। ये वेबसाइटें सस्ते होटल,आकर्षक पैकेज और VIP दर्शन का लालच देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रही थीं।जांच में पता चला कि साइबर अपराधियों ने ऐसी वेबसाइटें तैयार की थीं, जो हूबहू असली होटल पोर्टल जैसी दिखाई देती थीं। कई फर्जी वेबसाइटें इंटरनेट सर्च के शीर्ष परिणामों में भी नजर आ रही थीं, जिससे श्रद्धालु आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे। ठग बुकिंग के नाम पर यूपीआई, डिजिटल वॉलेट और ऑनलाइन भुगतान के जरिए पूरी रकम पहले ही वसूल लेते थे, लेकिन भुगतान के बाद न होटल मिलता था और न ही कोई संपर्क।

क्राइम ब्रांच के आईजीपी सार्थक सारंगी ने बताया कि हेल्पलाइन 1930, होटल संचालकों और विभिन्न एजेंसियों से मिली शिकायतों के आधार पर साइबर निगरानी टीम ने इन फर्जी वेबसाइटों की पहचान कर तत्काल ब्लॉक कराया। रथयात्रा को देखते हुए,संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही हैं,और अभियान आगे भी जारी रहेगा।क्राइम ब्रांच ने, श्रद्धालुओं से अपील की हैं,कि होटल बुकिंग केवल विश्वसनीय और प्रमाणित प्लेटफॉर्म के माध्यम से करें। किसी अनजान वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक या संदिग्ध ऑफर पर भरोसा न करें। भुगतान से पहले होटल का पता, संपर्क नंबर और अन्य जानकारी की अच्छी तरह पुष्टि करें।रथयात्रा जैसे आस्था के महापर्व में साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में थोड़ी-सी सतर्कता आपकी यात्रा, श्रद्धा और मेहनत की कमाई,तीनों को सुरक्षित रख सकती हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!