संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,30जून2026
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा, कि आदिवासी समाज की शिक्षा, संगठन और सशक्त नेतृत्व ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी समाज के युवा शिक्षा, प्रशासन, खेल, तकनीक, व्यवसाय और जनप्रतिनिधित्व जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नई पहचान बना रहे हैं,जो राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकेत हैं।रायपुर के महादेव घाट में आयोजित छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज के सामाजिक भवन लोकार्पण, सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए,मंत्री कश्यप ने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।
🟠”शिक्षा, संगठन और संस्कार ही समाज की असली ताकत”
अपने संबोधन में मंत्री कश्यप ने कहा,कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसकी शिक्षा, संगठन और संस्कार होते हैं। उन्होंने कहा,कि दूरस्थ क्षेत्रों के आदिवासी युवा आज डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी और जनप्रतिनिधि बनकर पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।
🟠सामाजिक भवन बनेगा समाज के विकास का केंद्र
उन्होंने कहा,कि यह सामाजिक भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि समाज की एकता, संवाद, संस्कृति और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
🟠सरकारी योजनाओं से मिल रही नई ताकत
मंत्री केदार कश्यप ने कहा,कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। नई शिक्षा नीति, छात्रवृत्ति, आवासीय विद्यालय, कौशल विकास, वनाधिकार, लघु वनोपज का बेहतर मूल्य और महिला स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण जैसी योजनाएं आदिवासी समाज को नई दिशा दे रही हैं।
🟠युवाओं से किया आगे बढ़ने का आह्वान
उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों से अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आग्रह करते हुए युवाओं से उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, डिजिटल तकनीक और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के अंत में मंत्री केदार कश्यप ने विश्वास जताया कि शिक्षित युवा, संगठित समाज और सशक्त नेतृत्व के बल पर कंडरा आदिवासी समाज विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।












