अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,30जून 2026
राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे निःशुल्क एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए,पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान हासिल किया हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए इस अभियान में जिले ने,निर्धारित लक्ष्य का 90 प्रतिशत पूरा कर राज्य में मिसाल कायम की हैं।महिलाओं और किशोरियों को भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से संचालित इस अभियान के तहत जिले में 8,785 पात्र बालिकाओं के लक्ष्य के विरुद्ध 7,931 बालिकाओं का सफल टीकाकरण किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की दिशा में चलाए जा रहे,प्रयासों का यह महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा हैं।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा मैदानी अमले ने समन्वित रूप से अभियान को सफल बनाया। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचकर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया गया।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए निर्देश दिए,कि अभियान में छूटी हुई प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंच बनाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।दूरस्थ और आदिवासी बहुल क्षेत्र होने के बावजूद बलरामपुर-रामानुजगंज ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में अपनी अलग पहचान बनाई हैं। प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता के दम पर जिले ने यह उपलब्धि हासिल कर पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया हैं।












