न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,30जून2026
सूरजपुर पुलिस ने शादी समारोह के दौरान हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले का,सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध था, जिसे न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर इस मामले में विधिवत गिरफ्तार किया गया।पुलिस के मुताबिक,चौकी बसदेई क्षेत्र के ग्राम सोनपुर निवासी रामानंद सिंह (22 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी,कि 22 मई 2026 को वह अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG 06 JC 3418) से ग्राम गंगोटी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात में जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक मौके से गायब थी। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिला, जिसके बाद उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी गई बाइक की अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर चौकी बसदेई, थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 388/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। विवेचना में पता चला,कि चोरी की गई मोटरसाइकिल पहले ही एक अन्य मामले में बरामद की जा चुकी हैं। आगे की जांच में इस चोरी में सूर्यकांत उर्फ सूर्या (19 वर्ष) निवासी थाना रामानुजनगर, जिला सूरजपुर की संलिप्तता सामने आई। आरोपी वर्तमान में एक अन्य प्रकरण में जिला जेल बैकुंठपुर में बंद था।इसके बाद सूरजपुर पुलिस ने, न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए, न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही हैं।












