Nexis News

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर सारंगढ़ पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को नए कानून, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा का दिया ज्ञान

न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,1जुलाई 2026

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर,सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने विद्यार्थियों को कानून और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अनूठी पहल की। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना सारंगढ़ पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों को देश के नए आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

🟠नए कानूनों की आसान भाषा में दी जानकारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए,थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने कहा कि देश की नई आपराधिक न्याय प्रणाली केवल अपराधियों को सजा देने तक सीमित नहीं हैं,बल्कि पीड़ितों को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाने के उद्देश्य से बनाई गई हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों से परिचित कराया।उन्होंने बताया,कि अब ई-एफआईआर की सुविधा के माध्यम से पीड़ित ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जबकि जीरो एफआईआर के तहत किसी भी थाने में अपराध की रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती हैं,चाहे घटना किसी भी क्षेत्र में हुई हो।

🟠महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

थाना प्रभारी ने बताया कि नए कानूनों में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर पहले से अधिक कठोर दंड का प्रावधान किया गया हैं। साथ ही पीड़िता के बयान की वीडियो रिकॉर्डिंग, समयबद्ध जांच, आरोप पत्र दाखिल करने और न्यायालय द्वारा निर्धारित समय सीमा में निर्णय जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

🟠साइबर अपराध से बचने के बताए आसान उपाय

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लॉटरी, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए।छात्रों को साइबर हेल्पलाइन और ऑनलाइन शिकायत पोर्टल के उपयोग की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।

🟠’अभिव्यक्ति ऐप’ और 112 हेल्पलाइन की जानकारी

प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी ने छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी विभिन्न अधिकारों एवं सरकारी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया,कि छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘अभिव्यक्ति ऐप’ महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी माध्यम हैं, जिसमें एसओएस बटन दबाते ही पुलिस को तत्काल अलर्ट, लाइव लोकेशन और वीडियो प्राप्त हो जाता हैं।उन्होंने बताया,कि आपात स्थिति में 112 तथा महिला हेल्पलाइन 1091 पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती हैं। साथ ही सखी सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

🟠नशामुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से भी अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उपस्थित छात्रों और शिक्षकों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।इस जागरूकता कार्यक्रम में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक चंचल सोनवानी, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!