Nexis News

शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का भव्य स्वागत, मेधावी विद्यार्थियों पर बरसी पुरस्कारों की सौगात

न्यूज डेस्क,छाल,छत्तीसगढ़,1जुलाई 2026

नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत शासकीय हाई स्कूल बोजिया में उत्साह, उमंग और सम्मान के माहौल के बीच हुई। शाला प्रवेश उत्सव एवं छात्र सम्मान समारोह में कक्षा 9वीं के 22 नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर,मिठाई खिलाकर और निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।🟠मेधावी छात्रों पर बरसी पुरस्कारों की बारिश

कार्यक्रम में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डॉ. लालजी राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को ₹1100 तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ₹500-₹500 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।वहीं शिक्षक मन्नू राम राठिया ने अपनी पूर्व घोषणा निभाते हुए 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों को, ₹5-5 हजार की नकद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। इसके अलावा विजय कुमार चौधरी ने गणित विषय में 100 में 100 अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों की इस प्रेरणादायी पहल की उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।

🟠शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी : अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष डोलनारायण पटेल, जनपद सदस्य गीता शुभम अग्रवाल, सरपंच भगतराम राठिया, पूर्व जनपद सदस्य रोहणी रामकुमार चंद्रा, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रमेश कुमार अग्रवाल एवं डॉ. लालजी राठौर ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने और पूरी मेहनत व ईमानदारी से पढ़ाई करने का संदेश दिया।डोलनारायण पटेल ने कहा,कि “शिक्षा ही वह चाबी हैं,जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सभी द्वार खोलती हैं। शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाकर प्रत्येक विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य हासिल कर सकता हैं।” उन्होंने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों के लिए प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों की भी सराहना की।

🟠प्राचार्य ने बेहतर परिणाम का दिया संकल्प

विद्यालय के प्राचार्य एल.पी. टांडे ने पिछले वर्ष के शानदार परीक्षा परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, विद्यार्थियों से इस वर्ष और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों से भी पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए, विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

🟠अभिभावकों की मौजूदगी से बढ़ी कार्यक्रम की गरिमा

समारोह के अंत में सभी सफल विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में शिक्षा, प्रोत्साहन और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!