न्यूज डेस्क,बस्तर,छत्तीसगढ़,2जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बस्तर जिले के भानपुरी में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि सांसद महेश कश्यप ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया।शाला प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों को स्कूल बैग सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अभिभावकों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
🟠’शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव’
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा,कि शिक्षा एक मजबूत और विकसित समाज की आधारशिला हैं। राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही उनके सपनों को साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।सांसद महेश कश्यप ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
🟠1.12 करोड़ रुपये की लागत से बने नए स्कूल भवन का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ग्राम बनियागांव में 1 करोड़ 12 लाख 80 हजार रुपये की लागत से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया गया। नए भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
🟠डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और सभी बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
🟠बच्चों के साथ सहभोज कर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के समापन पर वन मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर सहभोज किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही। शाला प्रवेश उत्सव ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का सकारात्मक संदेश दिया।












