Nexis News

बस्तर की शिक्षा व्यवस्था पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सख्त, गुणवत्ता सुधार और 100% उपस्थिति के दिए निर्देश

न्यूज डेस्क,बस्तर,छत्तीसगढ़,2जुलाई 2026

बस्तर संभाग में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से,शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बुधवार को बस्तर कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षा की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा करते हुए,उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।शिक्षा मंत्री ने कहा, कि बस्तर के समग्र विकास में शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका हैं। उन्होंने अंदरूनी क्षेत्रों के बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर विशेष जोर दिया।🟠गणित, हिंदी और अंग्रेजी की मजबूत नींव पर जोर

मंत्री ने प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने के लिए गणित, हिंदी और अंग्रेजी की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कैलेंडरवार, शालावार और विषयवार समय-सारणी के अनुसार शिक्षण कार्य संचालित करने तथा नियमित रिवीजन टेस्ट आयोजित करने पर बल दिया।

🟠ऑनलाइन उपस्थिति नहीं तो होगी कार्रवाई

बैठक में आधार बेस ऐप के माध्यम से कार्यालयीन अधिकारियों-कर्मचारियों तथा वीएसके ऐप के जरिए शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति की समीक्षा की गई। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए,कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही नेटवर्क विहीन स्कूलों की सूची तैयार कर कलेक्टर के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा।

🟠बंद स्कूलों को फिर से शुरू करने की तैयारी

समीक्षा के दौरान बसाहटवार प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति, नए स्कूलों की आवश्यकता, बंद स्कूलों के पुनः संचालन, बोर्ड परीक्षा परिणाम और वार्षिक परीक्षा की तैयारी पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने पोटा केबिनों में अंतरजिला विद्यार्थियों को प्रवेश देने तथा कमजोर विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

🟠पीएम श्री मॉडल पर विकसित होंगे उत्कृष्ट विद्यालय

शिक्षा मंत्री ने स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालयों को पीएम श्री स्कूलों की तर्ज पर विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जर्जर विद्यालय भवनों को नियमानुसार हटाने, आवश्यक मरम्मत कार्यों में उपलब्ध बजट का उपयोग करने तथा सभी विद्यार्थियों तक पाठ्यपुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के लिए कहा। अवितरित पुस्तकों का विद्यालय एवं संकुल स्तर पर व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के भी निर्देश दिए गए।🟠छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें

बैठक से पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सरस्वती सायकल योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिल और उपहार वितरित किए। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।बैठक में शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, संचालक ऋतुराज रघुवंशी, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, संभागीय संयुक्त संचालक एच.आर. सोम सहित बस्तर संभाग के सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी, डीएमसी, बीईओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!