अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,2जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत,ग्राम पतरापारा में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रही माँ और बेटी की बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल हैं।
🟠बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ी थीं दोनों
पुलिस के अनुसार ग्राम पतरापारा निवासी मानती टेकाम (33 वर्ष) और उनकी 14 वर्षीय पुत्री कुमारी विमला टेकाम खेत में काम कर रही थीं। दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक तेज बारिश शुरू होने पर दोनों पास में स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना राजपुर पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर पुलिस टीम को घटनास्थल भेजा। पुलिस द्वारा पंचनामा और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।
🟠पुलिस की अपील
लगातार हो रही बारिश और गरज-चमक को देखते हुए, पुलिस ने नागरिकों से अपील की हैं,कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों पर शरण न लें। सुरक्षित भवनों में रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।












