न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,6जुलाई 2026
जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या की,गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया हैं। इस मामले में मृतक की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया हैं। पुलिस के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते,बहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया हैं।
🟠हाथ-पैर बांधकर की गई थी हत्या
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई को ग्राम बोड़ाजोर निवासी 70 वर्षीय चुगरू (गुंगरू) प्रधान अपने घर में मृत मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे,और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
🟠बहू निकली हत्या की मास्टरमाइंड
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और पूछताछ में खुलासा हुआ,कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने अपने परिचितों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।पुलिस के मुताबिक 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया, फिर हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
🟠हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
🟠वैज्ञानिक विवेचना से मिली सफलता
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया,कि इस अंधे हत्याकांड का खुलासा वैज्ञानिक विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल, एफएसएल टीम और थाना दुलदुला पुलिस के समन्वित प्रयासों से संभव हुआ। उन्होंने कहा,कि जशपुर पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही हैं,और हर मामले का त्वरित एवं वैज्ञानिक तरीके से खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।












