अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6जुलाई 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने,रविवार को जिला जेल रामानुजगंज का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की तथा जेल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
🟠कैदियों से किया संवाद, सकारात्मक सोच अपनाने की अपील
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न बैरकों में जाकर कैदियों से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कैदियों को पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं और समाचार-पत्रों का अध्ययन कर खाली समय का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी।
🟠कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनने पर जोर
कलेक्टर ने कैदियों को कौशल विकास प्रशिक्षण से, जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया,कि जेल में एसी रिपेयरिंग, इलेक्ट्रीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध हैं, जिनसे भविष्य में स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
🟠भोजन, स्वच्छता और योग पर विशेष जोर
कलेक्टर ने जेल के रसोईघर और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए,कैदियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कैदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास कराने पर भी जोर दिया।
🟠सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार, पुनर्वास और नई शुरुआत का अवसर भी हैं। इसलिए कैदियों के व्यक्तित्व विकास और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं।












