Nexis News

जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें, हर विभाग तय समय में हासिल करे लक्ष्य : कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6जुलाई 2026

बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने,संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए,योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।

🟠स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर विशेष जोर

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण और 9 से 12 माह के बच्चों के पूर्ण टीकाकरण अभियान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। नगर निकाय क्षेत्रों में शेष पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए डोर-टू-डोर अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

🟠स्कूलों में शौचालय निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने, नवीन शौचालय निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को मैदानी स्तर पर नियमित निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।

🟠निर्माण कार्यों और पीएम-जनमन योजना की समीक्षा

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग की, समीक्षा के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों, आश्रम भवनों तथा पीएम-जनमन योजना के तहत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों एवं बहुउद्देशीय केंद्रों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने धीमी गति वाले कार्यों की नियमित निगरानी कर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

🟠मानसून, कृषि और वृक्षारोपण पर भी फोकस

कलेक्टर ने मानसून को देखते हुए,जिले के बांधों के जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग से खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए, किसानों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही सभी विभागों को लक्ष्य निर्धारित कर व्यापक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के निर्देश दिए।

🟠लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करें

बैठक में वीबी जी रामजी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल एवं प्रमोद गुप्ता, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!