Nexis News

शाला प्रवेश उत्सव में कृषि मंत्री रामविचार नेताम की बड़ी घोषणाएं : बलरामपुर-रामानुजगंज को मिलेगा इंडोर स्टेडियम, 500 सीटर ऑडिटोरियम भी बनेगा

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,10जुलाई 2026

जिले के रामानुजगंज स्थित लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में आयोजित,जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में आदिम जाति कल्याण, कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में कई बड़ी सौगातों की घोषणा की। उन्होंने कहा, कि हर बच्चे की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण हैं, इसलिए सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें।कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग और गणवेश वितरित किए गए। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों को भी मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

🟠स्मार्ट क्लास से लैस होंगे स्कूल

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा,कि प्रदेश सरकार स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ रही हैं। हाई स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा विकसित की जा रही हैं,ताकि विद्यार्थियों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने छात्रों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।🟠बलरामपुर और रामानुजगंज को मिली इंडोर स्टेडियम की सौगात

कार्यक्रम में मंत्री ने घोषणा की,कि बलरामपुर और रामानुजगंज में इंडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षण मिलेगा। इसके साथ ही रामानुजगंज में 500 सीटों वाले आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा भी की गई। उन्होंने यह भी कहा,कि कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन की स्वीकृति के लिए जल्द पहल की जाएगी।🟠अतिक्रमण हटाने की अपील

मंत्री ने विकास कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए लोगों से शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने की अपील की। साथ ही अधिकारियों को भी अतिक्रमण मुक्त कर विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत, बालिका शिक्षा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!