Nexis News

नुक्कड़ नाटक से स्वास्थ्य जागरूकता की पहल : बलरामपुर में गैर संचारी रोगों की पहचान और समय पर उपचार का दिया गया संदेश

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,11जुलाई2026

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला स्वास्थ्य विभाग ने,यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट, रायपुर के सहयोग से जिले में गैर संचारी रोगों (Non-Communicable Diseases) के प्रति जनजागरूकता अभियान शुरू किया हैं। अभियान के तहत बलरामपुर के बस स्टैंड और संतोषी नगर चौक में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से, लोगों को गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार के लिए जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने बच्चों में होने वाले सिकल सेल रोग, टाइप-1 डायबिटीज (बाल मधुमेह) तथा अन्य गंभीर बीमारियों के कारण, लक्षण और समय पर जांच कराने के महत्व को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया। आमजन से अपील की गई कि यदि बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई दें तो उन्हें तुरंत नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में जांच के लिए लेकर जाएं।

🟠मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर भी दिया गया विशेष जोर

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन्मजात हृदय रोग के शुरुआती लक्षणों, जैसे छोटे बच्चों का दूध न पी पाना, सांस लेने में कठिनाई और अन्य संकेतों की जानकारी भी दी गई। साथ ही नियमित टीकाकरण, गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व पर भी लोगों को जागरूक किया गया।

🟠जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना हैं। विभाग ने बताया कि जिले में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!