अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,14जुलाई 2026
बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से,महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रामचंद्रपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित,इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधान, गुड टच-बैड टच की पहचान, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों के बारे में सरल भाषा में विस्तार से बताया। साथ ही बच्चों को किसी भी अनुचित घटना की जानकारी तुरंत अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता, लैंगिक समानता, नशामुक्ति, बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति की रोकथाम तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बच्चों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और समाज के जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें सुरक्षित एवं जागरूक जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ इस जानकारी को अपने परिवार और मित्रों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मिशन वात्सल्य, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।












