अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,14जुलाई 2026
जिले में पात्र नागरिकों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर पात्र हितग्राहियों का पंजीयन और आयुष्मान कार्ड बना रही हैं।
अभियान के तहत मितानिन, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वास्थ्य मित्र विशेष रूप से 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका ई-केवाईसी कर रहे हैं,और आयुष्मान वय वंदना कार्ड बना रहे हैं, ताकि उन्हें स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की आवश्यकता न पड़े और वे घर बैठे योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में राशन कार्ड डाटा के आधार पर 8,02,384 पात्र हितग्राही चिन्हित किए गए हैं। इनमें से अब तक 7,41,792 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष पात्र हितग्राहियों का पंजीयन लगातार जारी हैं।
वहीं, आयुष्मान वय वंदना योजना के तहत जिले में 21,609 पात्र वरिष्ठ नागरिकों की पहचान की गई हैं। इनमें से 14,499 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन पूरा हो चुका हैं। योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की हैं,कि वे स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर अपना आयुष्मान एवं वय वंदना कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर निःशुल्क इलाज की सुविधा का लाभ मिल सके।












