Nexis News

जशपुर पुलिस की पहल : अब हर गांव में होगा ‘पुलिस मितान’, QR Code से मिनटों में मिलेगी मदद, 1000 स्वयंसेवकों को मिली नई जिम्मेदारी

न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,16जुलाई 2026

जशपुर पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को नई पहचान देते हुए एक अभिनव पहल की शुरुआत की हैं। पुलिस और आम नागरिकों के बीच भरोसे को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से,आयोजित पुलिस मितान सम्मेलन में लगभग 1000 पुलिस मितानों को विशेष टी-शर्ट और डिजिटल QR Code स्टिकर वितरित किए गए। यह तकनीक अब ग्रामीणों को अपने क्षेत्र के पुलिस मितान से सीधे जोड़ने का काम करेगी।जिले में वर्तमान में 5,012 पुलिस मितान सक्रिय हैं,जिन्हें चरणबद्ध तरीके से टी-शर्ट और QR Code स्टिकर दिए जा रहे हैं। सम्मेलन में कुनकुरी, कांसाबेल, तपकरा, फरसाबहार, दोकड़ा, उपरकछार और करडेगा क्षेत्र के पुलिस मितान शामिल हुए।🟠QR Code स्कैन करते ही,मिलेगी पुलिस मितान की पूरी जानकारी

जशपुर पुलिस की इस डिजिटल पहल के तहत प्रत्येक पुलिस मितान अपने दोपहिया वाहन पर QR Code स्टिकर लगाएगा। कोई भी नागरिक मोबाइल से QR Code स्कैन कर संबंधित पुलिस मितान का नाम, गांव, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी तुरंत प्राप्त कर सकेगा।इससे सड़क दुर्घटना, साइबर ठगी, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों, प्राकृतिक आपदा या किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीण सीधे अपने क्षेत्र के पुलिस मितान से संपर्क कर सकेंगे।🟠सिर्फ पुलिस नहीं, समाज के प्रहरी भी बनेंगे पुलिस मितान

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,कि पुलिस मितान अब केवल सूचना देने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि गांव-गांव में,

🔸️सड़क सुरक्षा

🔸️साइबर सुरक्षा

🔸️नशा मुक्ति अभियान

🔸️महिला एवं बाल सुरक्षा

🔸️टोनही प्रताड़ना रोकथाम

🔸️मानव तस्करी व गौ तस्करी रोकथाम

🔸️पर्यावरण संरक्षण

🔸️सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता जैसे अभियानों को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा,कि “जनभागीदारी से ही सुरक्षित, जागरूक और समृद्ध समाज का निर्माण संभव हैं।”🟠सड़क सुरक्षा और ‘राहवीर योजना’ पर विशेष जोर

सम्मेलन में यातायात डीएसपी के.आर. चौहान ने, पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को बढ़ावा देने तथा दुर्घटना पीड़ितों की तत्काल मदद के लिए प्रेरित किया।उन्होंने राहवीर (Good Samaritan) योजना की जानकारी देते हुए बताया,कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और सम्मान दिया जाता हैं।🟠गांव-गांव तक मजबूत होगी पुलिस की पहुंच

एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी और एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा ने कहा,कि पुलिस मितान गांव और पुलिस के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनकी सक्रिय भूमिका से अपराध नियंत्रण, साइबर अपराध रोकथाम, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर विशेष प्रस्तुति भी दी गई और सभी पुलिस मितानों ने समाज सेवा, नशामुक्त जशपुर और सुरक्षित गांव बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!