अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16जुलाई 2026
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की तैयारियों के बीच, बलरामपुर जिला प्रशासन ने एग्रीस्टेक पंजीयन अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सख्त रुख अपनाया हैं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कुसमी में आयोजित समीक्षा बैठक में पंजीयन की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई और अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा,कि अब फाइलों और कार्यालयों तक सीमित रहने का समय नहीं,बल्कि गांव-गांव जाकर हर पात्र किसान का पंजीयन सुनिश्चित करने का समय हैं।
🟠धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने लगाई फटकार
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय कुसमी में, आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने पटवारियों, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, लोक सेवा केंद्र संचालकों एवं संबंधित विभागों से एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन की प्रगति की जानकारी ली।जब कई क्षेत्रों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिली तो उन्होंने स्पष्ट कहा,कि शासन के लक्ष्य हर हाल में समय-सीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। केवल रिपोर्ट भेजने से काम नहीं चलेगा, धरातल पर परिणाम भी दिखाई देने चाहिए।
🟠हर किसान तक पहुंचे प्रशासन
कलेक्टर ने निर्देश दिए,कि सभी अधिकारी नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करें, किसानों से सीधे संवाद स्थापित करें और मौके पर ही उनका एग्रीस्टेक पंजीयन कराएं।उन्होंने कहा,कि एग्रीस्टेक किसानों को धान खरीदी, कृषि योजनाओं, अनुदान और अन्य सरकारी सुविधाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण डिजिटल प्लेटफॉर्म हैं। इसलिए कोई भी पात्र किसान इससे वंचित नहीं रहना चाहिए।
🟠धान खरीदी की तैयारी अभी से पूरी करें
कलेक्टर ने कहा कि आने वाले खरीफ विपणन वर्ष में, किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां अभी से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया,कि धान खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए एग्रीस्टेक पंजीयन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।
🟠बिना पंजीयन वाले किसानों की बनेगी सूची
बैठक में निर्देश दिए गए,कि प्रत्येक पटवारी अपने हल्के में ऐसे किसानों की सूची तैयार करे जिनका अभी तक पंजीयन नहीं हुआ हैं। उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर पंजीयन कराया जाए। यदि किसी किसान को दस्तावेज, तकनीकी समस्या या अन्य कारणों से परेशानी हो रही हो तो उसका तत्काल समाधान किया जाए।
🟠समन्वय से समय से पहले पूरा होगा लक्ष्य
कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र संचालकों, कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों से समन्वय बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनमोल विवेक टोप्पो, तहसीलदार रॉकी एक्का, जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












