अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,17जुलाई 2026
किशोर-किशोरियों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से,महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा हैं। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांजर और बड़कागांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
🟠चाइल्ड हेल्पलाइन, पॉक्सो कानून और ‘गुड टच-बैड टच’ पर दी गई जानकारी
कार्यक्रम में बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधान, गुड टच और बैड टच की पहचान तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समझाया,कि किसी भी प्रकार की अनुचित घटना, उत्पीड़न या खतरे की स्थिति में बिना डर के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को तत्काल जानकारी दें।
🟠बाल विवाह, नशामुक्ति और बाल अधिकारों पर भी हुआ संवाद
जागरूकता सत्र में बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, नशामुक्ति, स्वच्छता, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्य, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
🟠बच्चों की जिज्ञासाओं का किया समाधान
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल भाषा में जवाब दिया। उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका की जानकारी भी दी गई।
🟠जागरूकता अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने बताया,कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उनमें जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्कूलों और छात्रावासों में इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक बच्चा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।












