न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,20जुलाई2026
सूरजपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए,करीब 4 लाख रुपये मूल्य का 8 किलो 305 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया हैं। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया हैं,जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार हैं,जिसकी तलाश तेज़ी से की जा रही हैं।जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा हैं। इसी अभियान के तहत 19 जुलाई को थाना प्रतापपुर पुलिस ग्राम गोटगवां में सघन वाहन चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान बाइक की डिक्की और आरोपी के बैग से 8 किलो 305 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये हैं।पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रमेशचन्द्र निषाद (39 वर्ष), निवासी ग्राम राघौपुर, थाना कमासिन, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया,कि वह यह गांजा ओडिशा से खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और परिवहन में, प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया हैं। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया हैं। वहीं, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े एक अन्य आरोपी की तलाश जारी हैं।पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, उप निरीक्षक विवेक खलखो, पीएसआई सम्पत मरावी, विकास गजेन्द्र, प्रधान आरक्षक अलबिनुस तिर्की, विनोद परीड़ा तथा आरक्षक नौशाद, प्रकाश साहू और राजेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।












