संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,21जुलाई2026
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से मंगलवार को, राजभवन स्थित लोकभवन में प्रमुख लोकायुक्त इंदर सिंह उबोवेजा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को छत्तीसगढ़ लोकायुक्त आयोग की वर्ष 2025-26 की वार्षिक गतिविधियों,कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी तथा आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन औपचारिक रूप से सौंपा।भेंट के दौरान प्रमुख लोकायुक्त उबोवेजा ने आयोग द्वारा वर्षभर में प्राप्त शिकायतों के निराकरण, प्रशासनिक पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों तथा भ्रष्टाचार निरोधक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आयोग की भूमिका से राज्यपाल को अवगत कराया।
उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी जानकारी साझा की।राज्यपाल रमेन डेका ने आयोग की गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करते हुए,लोकायुक्त जैसी संवैधानिक संस्था की भूमिका को सुशासन,जवाबदेही और पारदर्शिता की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। वार्षिक प्रतिवेदन के माध्यम से आयोग के कार्यों और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ लोकायुक्त आयोग के सचिव दीपक अग्रवाल, उप सचिव चित्रलेखा सोनवानी, कानूनी सलाहकार अजीत कुमार राजभानु सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।












