न्यूज डेस्क,नई दिल्ली,28जुलाई 2026
जल जीवन मिशन (JJM) 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीण क्षेत्रों में,हर घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में,उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने की,जिसमें छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव, लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों तथा जल शक्ति मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत विभिन्न जिलों में संचालित योजनाओं की प्रगति, निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मिशन को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
🟠हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने पर फोकस
समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लक्ष्य को समयसीमा के भीतर पूरा करने पर बल दिया गया। परियोजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा योजनाओं में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
🟠सांसदों ने साझा किए अपने सुझाव
बैठक में लोकसभा सांसद तोखन साहू, चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप, भोजराज नाग तथा राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े सुझाव और आवश्यकताएं साझा कीं।
🟠जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर विशेष चर्चा
बैठक में सांसदों से जिला स्तरीय DIHSA की बैठकों में नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।इसके अलावा सांसदों से ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने, पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं का लोकार्पण कराने तथा ग्राम पंचायतों को योजनाओं का हस्तांतरण सुनिश्चित कराने में सहयोग देने की अपील की गई।
🟠समन्वय से मिलेगा मिशन को नया बल
बैठक में कहा गया कि जल जीवन मिशन 2.0 की सफलता केंद्र, राज्य सरकार, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय पर निर्भर करेगी। सभी संबंधित पक्षों से योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक़ भी उपस्थित रहे।











