अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,28जुलाई 2026
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) के अवसर पर,बलरामपुर के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला,निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक प्रतिभा का विकास करना था।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर (IPS) ने प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, निरंतर अध्ययन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
🟠प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
निबंध लेखन प्रतियोगिता में इरम ने प्रथम, रोशनी सिंह ने द्वितीय और पूर्णिमा सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।चित्रकला प्रतियोगिता में चाहत गुप्ता प्रथम, काजल गुप्ता द्वितीय तथा धनंजय कुशवाहा और लकी राम ईश्वर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में माही सोनी ने प्रथम, कंचन ने द्वितीय तथा रोशन तारा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
🟠सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने, सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्रीय एकीकरण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, कि उन्होंने अनेक रियासतों का विलय कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके जीवन से अनुशासन, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने, कठिन परिश्रम करने और प्रेजेंस ऑफ माइंड विकसित करने का आग्रह किया।
🟠प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर दिए उपयोगी सुझाव
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधीक्षक से, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े प्रश्न भी पूछे।काजल गुप्ता ने 12वीं की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संतुलन पर सवाल किया, जबकि नंदिनी मेहता ने विज्ञान संकाय के साथ CLAT और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के बारे में जानकारी मांगी।इस पर एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि वे स्वयं इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं, लेकिन इतिहास विषय के माध्यम से सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में चयनित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को रुचि और समर्पण के साथ तैयारी करने की सलाह दी।
🟠साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर किया जागरूक
एसपी ने सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव, बालिका एवं महिला सुरक्षा तथा शिक्षा के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी।वहीं यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी।उन्होंने डायल-112, पीएम राहत योजना और राजवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया,कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल कर तत्काल पुलिस और आवश्यकता पड़ने पर अग्निशमन सेवा की सहायता प्राप्त की जा सकती है।कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा 500 से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।











