संदिली सिंह,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,6अगस्त2026
छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स),बिलासपुर के डॉक्टरों ने पहली बार 78 वर्षीय महिला के अंडाशय के कैंसर की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने महिला के बाएं अंडाशय से करीब एक किलोग्राम वजनी कैंसरयुक्त ट्यूमर निकालकर उन्हें नया जीवन दिया।
🟠आयुष्मान योजना बनी सहारा, मुफ्त हुआ पूरा इलाज
बिलासपुर के दर्रीघाट निवासी बुजुर्ग महिला पिछले 5-6 महीनों से पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द और तेजी से बढ़ रही गांठ से परेशान थीं। परिजन पहले उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन और इलाज के लिए 2 से 3 लाख रुपये का खर्च बताया गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार ने महिला को सिम्स में भर्ती कराया, जहां आयुष्मान भारत योजना के तहत पूरा इलाज और जटिल ऑपरेशन पूरी तरह नि:शुल्क किया गया।
🟠15×12×10 सेंटीमीटर का था कैंसर ट्यूमर
रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह की सोनोग्राफी जांच में महिला के बाएं अंडाशय में, 15×12×10 सेंटीमीटर आकार का विशाल ट्यूमर पाया गया, जो आसपास के अंगों पर दबाव बना रहा था।इसके बाद 3 अगस्त 2026 को विशेषज्ञों की बहु-विषयक टीम ने कैंसर स्टेजिंग सर्जरी, ट्यूमर हटाने, गर्भाशय एवं दोनों अंडाशय निकालने, बाईं मूत्रवाहिनी की मरम्मत और डबल-जे स्टेंट प्रत्यारोपण जैसी जटिल प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कीं।
🟠विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया सफल ऑपरेशन
इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, जनरल सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सर्जरी का नेतृत्व विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी और उनकी टीम ने किया।
🟠बेहद दुर्लभ और जोखिम भरा मामला
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया,कि रजोनिवृत्ति के बाद इस आकार का कैंसरयुक्त ट्यूमर मिलना बेहद दुर्लभ और उच्च जोखिम वाला मामला होता हैं। ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव और आसपास के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती हैं,लेकिन विशेषज्ञ टीम की कुशलता से सर्जरी सफल रही।फिलहाल मरीज की स्थिति स्थिर हैं,और वह डॉक्टरों की निगरानी में तेजी से स्वस्थ हो रही हैं। परिजनों ने सफल एवं नि:शुल्क उपचार के लिए सिम्स प्रबंधन और डॉक्टरों का आभार व्यक्त किया।












