न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,11अगस्त2026
सरगुजा में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर,डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने पुलिस अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। पुलिस को-ऑर्डिनेशन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में थानावार लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतों सहित म्यूल अकाउंट और पीओएस से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में डीआईजी एवं एसएसपी ने विवेचकों को प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए थाना-चौकी प्रभारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
🟠गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के अभियान पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश को लेकर चलाए जा रहे ‘मुस्कान’ और ‘तलाश’ अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को दोनों अभियानों को गंभीरता से लेते हुए अधिक से अधिक गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।थाना-चौकी प्रभारियों को NAFIS में एंट्री बढ़ाने तथा गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड सिस्टम में नियमित रूप से अपडेट करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
🟠शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
🟠बैंक और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा पर निगरानी
अपराधिक घटनाओं की रोकथाम और वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए,राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, एटीएम, आभूषण दुकानों और अन्य वित्तीय संस्थानों की लगातार औचक चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।थाना-चौकी प्रभारियों को स्वयं फील्ड में, मौजूद रहकर विजिबल पेट्रोलिंग बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा गया।
🟠फरियादियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान जरूरी
डीआईजी एवं एसएसपी ने थाना आने वाले फरियादियों के साथ बेहतर व्यवहार करने और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि आमजन की शिकायतों का निराकरण पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल हैं।बैठक में गुम मोबाइल की बरामदगी और स्थायी वारंटियों की तामिली के लिए चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही खात्मा-खारजी के प्रकरणों में माननीय न्यायालय से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
🟠गांवों में बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर होंगे साझा
पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने थाना क्षेत्रों के प्रत्येक गांव के लिए बीट प्रभारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। बीट प्रभारियों के मोबाइल नंबर गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा कर आम लोगों के साथ साझा करने को कहा गया।इसके अलावा सूचना संकलन के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार कर अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए, ताकि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
🟠गुंडा और निगरानी बदमाशों की लगातार होगी चेकिंग
बैठक में गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों की लगातार एवं सतत चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। आदतन बदमाशों के खिलाफ जिला बदर के नए प्रकरण तैयार करने तथा प्रतिबंधात्मक एवं लघु अधिनियम के तहत कार्रवाई में तेजी लाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), उप पुलिस अधीक्षक लाइन अमृत कुजूर, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण तूल सिंह पट्टावी, स्टेनो फबियानुस तिर्की, समस्त थाना-चौकी प्रभारी, रीडर अमित पाण्डेय, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।












