अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,13अगस्त2026
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए,जिला मुख्यालय बलरामपुर स्थित पुलिस ग्राउंड में गुरुवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का फाइनल रिहर्सल किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट पूर्वाभ्यास कराया गया।
🟠अपर कलेक्टर ने निभाई मुख्य अतिथि की भूमिका
फाइनल रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर आर.एस. लाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए, ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के गायन से हुई। इसके बाद विभिन्न सशस्त्र बलों, पुलिस बल और विद्यालयीन दलों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट का प्रदर्शन किया।शस्त्रधारी जवानों ने तीन चक्र में हर्ष फायर का भी प्रदर्शन किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन एवं परेड टू-आईसी सूबेदार रक्षित केंद्र ज्योति साहू ने किया।
🟠विभिन्न दलों ने किया मार्च-पास्ट का अभ्यास
रिहर्सल में 12वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रामानुजगंज, 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल डी कंपनी, 11वीं वाहिनी बी कंपनी, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर, राष्ट्रीय सेवा योजना शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय बलरामपुर सहित विभिन्न विद्यालयों के दलों ने मार्च-पास्ट का अभ्यास किया।
🟠देशभक्ति कार्यक्रमों से सजेगा समारोह
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थी राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति का संदेश देंगे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
🟠कलेक्टर-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फाइनल रिहर्सल के दौरान कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं एसपी बैंकर वैभव ने समारोह स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों का जायजा लिया।अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और समारोह के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित जिला एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।












