डेनियल सेप्टी,बस्तर,छत्तीसगढ़,13अगस्त2026
बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप दंतेवाड़ा के श्यामगिरी पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने 2019 में हुई नक्सली घटना के घटनास्थल पर पहुंचकर शहीद पूर्व विधायक स्वर्गीय भीमा मंडावी सहित सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान स्थानीय लोगों,चश्मदीदों और स्वर्गीय भीमा मंडावी के सहयोगियों ने उस घटना की भयावहता से जुड़ी यादें साझा कीं।
🟠13 शहीदों की स्मृति में किया पौधरोपण
उपमुख्यमंत्री और वन मंत्री ने अरनपुर और श्यामगिरी की घटनाओं में शहीद हुए 13 जवानों एवं नागरिकों की स्मृति में पौधरोपण किया। दोनों मंत्रियों ने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की और शहीद परिवारों से चर्चा कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।इस दौरान माहौल भावुक हो गया,जब मंत्रियों ने तत्कालीन दंतेवाड़ा विधायक स्वर्गीय भीमा मंडावी की पत्नी ओजस्वी मंडावी से मुलाकात की। सभी ने शहीदों की स्मृति में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
🟠विजय शर्मा बोले बस्तर की जनता जीत गई, नक्सलवाद हार गया
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा,कि नक्सल हिंसा ने बस्तर के लगभग हर परिवार को किसी न किसी रूप में प्रभावित किया हैं। किसी ने अपना मित्र, भाई, पिता, रिश्तेदार या अपना कोई करीबी खोया हैं।उन्होंने कहा, कि तिरंगा फहराने के लिए बस्तर ने लंबा संघर्ष किया हैं। अनेक लोगों की शहादत के बाद आज बस्तर में पूरे सम्मान के साथ तिरंगा लहराया जा रहा हैं। उन्होंने कहा, कि अब कोई भी शक्ति लोगों को राष्ट्रध्वज फहराने से नहीं रोक सकती।विजय शर्मा ने कहा कि “बस्तर की जनता जीत गई और नक्सलवाद हार गया।” उन्होंने कहा कि बस्तरवासियों के संकल्प और सुरक्षा बलों के साहस से नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली हैं।
🟠हर घर तिरंगा लगाने की अपील
उपमुख्यमंत्री और वन मंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने तथा पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा,कि यदि कोई तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हो पा रहा हैं,तो सोशल मीडिया के माध्यम से भी तिरंगे के प्रति सम्मान प्रदर्शित कर सकता हैं।
🟠शहीद भीमा मंडावी के नाम पर होगा मार्ग का नामकरण
ग्रामीणों की मांग पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने, नकुलनार से बचेली मार्ग का नामकरण शहीद भीमा मंडावी के नाम पर करने की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया।इस दौरान ‘एक पेड़ शहीदों के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। साथ ही घटना स्थल की मिट्टी को भी श्रद्धापूर्वक एकत्र कर संरक्षित किया गया।
🟠बिहान समूह की महिलाओं से की चर्चा
उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में पहुंची बिहान समूह की महिलाओं से भी चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को लघु वनोपज प्रसंस्करण का प्रशिक्षण लेकर स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।उन्होंने कहा,कि शासन द्वारा ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के अंतर्गत बिहान समूहों के उत्पादों को सहायता और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा हैं। उन्होंने महिलाओं से इसका लाभ उठाने की अपील की।
🟠राष्ट्रपति भवन से लौटे बस्तर पंडुम विजेताओं से मिले
मंत्री द्वय ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम से लौटे बस्तर पंडुम विजेता अरनपुर के मांदरी दल के सदस्यों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से आत्मीयता से बातचीत की।मंत्रियों ने मजाकिया अंदाज में कहा,कि वे पहले राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति से मिली थीं, अब राष्ट्रपति भी बस्तर आकर उनके घर चाय पीएंगी। इस पर महिलाओं ने भी उत्साह जताते हुए कहा कि वे राष्ट्रपति का बस्तर में स्वागत करना चाहती हैं,और अपने हाथों से उन्हें भोजन कराना चाहती हैं।कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, कलेक्टर, एसपी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।












