निजी विश्वविद्यालयों की हर जानकारी अब एक पोर्टल पर, राज्यपाल रमेन डेका ने किया नए वेब पोर्टल का शुभारंभ

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,8सितंबर2026

छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी महत्वपूर्ण और अद्यतन जानकारी अब एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। राज्यपाल रमेन डेका ने मंगलवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग द्वारा तैयार किए गए नए वेब पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का शुभारंभ किया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष वी.के. गोयल सहित आयोग के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

🟠एक पोर्टल पर मिलेगी विश्वविद्यालयों की पूरी जानकारी

नए पोर्टल पर प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें अध्यादेश के आधार पर संचालित पाठ्यक्रम, अकादमिक कैलेंडर, प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी, अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम भी अपलोड किए जाएंगे।इसके अलावा विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित एवं लिए जाने वाले शुल्क, कार्यरत अधिकारियों, विभिन्न समितियों और उनके सदस्यों तथा पीएचडी शोध-निर्देशकों से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध होगी।

🟠NEP-2020 से लेकर कैंपस प्लेसमेंट तक की जानकारी

पोर्टल को केवल सामान्य विश्वविद्यालय संबंधी जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया हैं। इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP)-2020, NAAC प्रत्यायन, अन्य विश्वविद्यालयों के साथ हुए MOU, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन, स्टार्टअप और जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम से संबंधित जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी से संबंधित विवरण भी पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा।

🟠स्वीकृत और रिक्त पदों की जानकारी भी होगी उपलब्ध

नए वेब पोर्टल पर निजी विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक स्वीकृतियों, भरे हुए पदों और रिक्त पदों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई हैं।इस डिजिटल व्यवस्था से निजी विश्वविद्यालयों की गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ाने, जानकारी को आसानी से उपलब्ध कराने और प्रभावी निगरानी को मजबूत करने में मदद मिलेगी। विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को विश्वविद्यालयों से जुड़ी जरूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिलने की सुविधा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें