कन्हर नदी के बीच टापू पर फंसे परिवार के तीन सदस्य 5 घंटे के रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकाले गए

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,27सितंबर2026

बलरामपुर जिले में बारिश के दौरान कन्हर नदी के तेज बहाव के बीच फंसे एक परिवार के तीन सदस्यों को जिला प्रशासन,पुलिस बल और नगर सेना की संयुक्त टीम ने करीब पांच घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर ग्राम कोटरी की हैं। समय रहते सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल बचाव दल को मौके पर भेजा और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच अभियान चलाकर तीनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।

🟠शॉर्टकट रास्ते से नदी पार करते समय फंसा परिवार

जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटरी का परिवार बलरामपुर से खरीदारी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान परिवार के तीन सदस्य शॉर्टकट रास्ते से कन्हर नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच ऊपर से अचानक बाढ़ का पानी आने लगा। पानी बढ़ता देखकर तीनों घबरा गए और नदी के बीच स्थित एक टापू पर जाकर फंस गए।कन्हर नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण उनके लिए वापस लौटना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए,तत्काल प्रशासन को सूचना दी गई। घटना ने बारिश के दौरान नदी और जलमग्न रास्तों से होकर आवागमन करने के जोखिम को भी सामने ला दिया।

🟠शाम 6:30 बजे मिली सूचना, तत्काल शुरू हुआ रेस्क्यू

पुलिस कंट्रोल रूम बलरामपुर को शाम करीब 6:30 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की निगरानी में पुलिस बल और नगर सेना की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। टीम ने पहुंचकर परिस्थितियों का आकलन किया और फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।नदी का बहाव बेहद तेज होने के कारण रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती थी। इसके बावजूद टीम ने मोटरबोट की मदद से नदी के बीच टापू तक पहुंचने का प्रयास जारी रखा। कई घंटे की मशक्कत के बाद फंसे तीनों लोगों तक टीम पहुंचने में सफल रही।

🟠करीब 5 घंटे बाद तीनों को सुरक्षित निकाला

लगातार चले रेस्क्यू अभियान के बाद सरजू राम (60 वर्ष), राजकुमारी (55 वर्ष) और फूलमनिया (35 वर्ष) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अभियान रात करीब 11:45 बजे तक चला।रेस्क्यू के दौरान टीम ने नदी के तेज बहाव और रात के समय की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सावधानीपूर्वक अभियान संचालित किया। प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त कार्रवाई के कारण तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

🟠प्रशासनिक टीम और ग्रामीणों ने सराहा बचाव दल का साहस

रेस्क्यू अभियान जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तहसीलदार, थाना प्रभारी, बाढ़ बचाव दल के प्रभारी अखिलेश कुमार, उप निरीक्षक धर्मजीत नेताम तथा नगर सेना के मेजर के नेतृत्व में चलाया गया।मौके पर मौजूद जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव और ग्रामीणों ने बचाव दल की तत्परता और साहस की सराहना की। उन्होंने संकट की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया।

🟠बारिश में नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील

घटना के बाद जिला प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की हैं। प्रशासन ने कहा हैं,कि बारिश के मौसम में उफनती नदियों,नालों और जलमग्न रास्तों को पार करने का प्रयास नहीं करना चाहिए। पानी का बहाव कम दिखाई देने पर भी स्थिति अचानक खतरनाक हो सकती हैं।किसी भी आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 या जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 07831-273002 पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन की अपील हैं,कि लोग शॉर्टकट के चक्कर में नदी या जलमग्न रास्तों से आवागमन करने से बचें और सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें