एशिया कप विजेता गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,3अक्टूबर2026

जूनियर महिला एशिया कप-2026 में भारतीय हॉकी टीम को खिताब दिलाने वाली टीम की,सदस्य और कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव से,उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मुलाकात की। कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने गीता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन और महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी।उप मुख्यमंत्री ने गीता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से कवर्धा के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया हैं। मुलाकात के दौरान गीता की अब तक की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों को लेकर भी बातचीत हुई।🟠चीन को हराकर भारत ने जीता जूनियर एशिया कप

कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने, चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

🟠मिडफील्डर के रूप में गीता ने दिखाया दम

पूरे टूर्नामेंट में गीता यादव ने मिडफील्डर के रूप में टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए।मलेशिया के खिलाफ भारत की 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल किए। इसके बाद जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल दागे। लगातार दो मुकाबलों में चार गोल कर उन्होंने अपनी आक्रामक क्षमता और टीम के लिए योगदान को सामने रखा।

🟠किसान परिवार से भारतीय टीम तक का सफर

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गीता की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा,कि एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि गीता की सफलता कवर्धा और छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय हैं।गीता की उपलब्धि खास तौर पर उन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का उदाहरण हैं,जो सीमित संसाधनों के बीच खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देखते हैं। उनकी यात्रा यह भी दिखाती हैं,कि सही प्रशिक्षण, लगातार मेहनत और अवसर मिलने पर स्थानीय प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकती हैं।

🟠बोड़ला से भारतीय हॉकी टीम तक पहुंचने की कहानी

गीता ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेल को और बेहतर किया। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं।गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय हॉकी सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

🟠कवर्धा में खिलाड़ियों के लिए संभावनाओं पर चर्चा

मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और गीता यादव के बीच कवर्धा में खेलों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई। गीता से उनके प्रशिक्षण अनुभव और खिलाड़ियों की जरूरतों के बारे में जानकारी ली गई।स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और उचित मंच उपलब्ध कराने से क्षेत्र के और भी युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। इस दौरान गीता ने अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा किए।उप मुख्यमंत्री ने गीता को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ने और देश एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें