मतदाता सूची होगी और समावेशी : बलरामपुर-रामानुजगंज में चलेगा विशेष पंजीयन अभियान

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4अक्टूबर 2026

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में, मतदाता सूची को और अधिक समावेशी बनाने के लिए विशेष पंजीयन अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना हैं,जिनका नाम किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं हो पाया हैं,या पहले नाम दर्ज होने के बावजूद वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा,कि मतदाता पंजीयन एक सतत प्रक्रिया हैं। इसलिए कोई भी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता हैं। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि पात्र नागरिक स्वयं भी जागरूक हों और अपने आसपास के ऐसे लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें,जो अभी तक पंजीकृत नहीं हैं।

🟠SIR पूर्व की सूची से होगा मिलान

विशेष अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) वर्तमान मतदाता सूची का SIR से पहले की सूची के साथ मिलान करेंगे। इस प्रक्रिया में ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में उनका नाम शामिल नहीं हैं।इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों से आवश्यक प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीयन कराया जाएगा। इस दौरान पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

🟠हर सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क

अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रत्येक बीएलओ को नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक बीएलओ सप्ताह में कम से कम 20 से 25 मतदाताओं से संपर्क करेगा। इस तरह लगभग एक महीने में बूथ स्तर पर छूटे हुए,पात्र मतदाताओं की पहचान और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया हैं।इस अभियान में घर-घर संपर्क के साथ नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

🟠राजनीतिक दलों के बूथ एजेंटों से साझा होगी जानकारी

मतदाता पंजीयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए,बीएलओ द्वारा तैयार की गई सूचियां मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के साथ साझा की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों और सत्यापन प्रतिवेदन को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।इसके बाद पात्रता के संबंध में निर्णय लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के तहत किया जाएगा। अभियान पूरा होने के बाद बूथवार तैयार सूचियां भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

🟠रैन बसेरों और श्रमिक बस्तियों में भी लगेंगे शिविर

अभियान को केवल सामान्य बूथ स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। ऐसे वर्गों तक भी पहुंच बनाई जाएगी, जिन्हें अक्सर दस्तावेज या जानकारी के अभाव में पंजीयन प्रक्रिया से बाहर रह जाने का खतरा रहता हैं।इसके लिए रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों, बेघर नागरिकों तथा वंचित वर्गों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों, स्वीप गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को मतदाता पंजीयन की जानकारी दी जाएगी।

🟠“कोई पात्र नागरिक न रहे वंचित”

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान की पात्रता प्राप्त करने वाले युवाओं से, मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराने की अपील की हैं। अभियान की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की प्रगति की निगरानी हो सके।जिला प्रशासन का फोकस ऐसे पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने पर रहेगा, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। घर-घर संपर्क और विशेष शिविरों के माध्यम से पंजीयन प्रक्रिया को लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें