अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6अक्टूबर2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को जिला ग्रंथालय बलरामपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर, जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में, आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी छह विकासखंडों से पहुंचे 93 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में 50 विद्यार्थियों ने चित्रकला और 43 विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पना, रचनात्मकता और विचारों के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया कि वे भविष्य के भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।
🟠चित्रों और भाषण में दिखी नए भारत की कल्पना
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से विकसित, स्वच्छ, शिक्षित और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। वहीं भाषण प्रतियोगिता में, विद्यार्थियों ने देश के विकास के साथ नागरिकों की भूमिका, अधिकारों और कर्तव्यों जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे विषयों पर विशेष जोर देखने को मिला। इस तरह कार्यक्रम केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों को देश के भविष्य और उसमें अपनी भूमिका पर सोचने का अवसर भी मिला।
🟠स्कूल से जिला स्तर तक पहुंची प्रतियोगिता
जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार निरापुरे ने बताया,कि प्रतियोगिता की प्रक्रिया स्कूल स्तर से शुरू होकर संकुल और विकासखंड स्तर से होते हुए,जिला स्तर तक पहुंची हैं। विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी अब आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बलरामपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक और अभिव्यक्ति क्षमता को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
🟠जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर विद्यार्थियों की चित्रकला का अवलोकन किया और उनके भाषण भी सुने। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, अजीत सिंह और भानु प्रकाश दीक्षित, डीएमसी चन्द्रभूषण गुप्ता, नोडल अधिकारी राजकुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
🟠संभाग स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित विद्यार्थी
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के बाद चयनित प्रतिभागियों की नजर अब संभाग स्तरीय मुकाबले पर हैं। विद्यार्थियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ देश के भविष्य को लेकर अपने विचारों को मंच देने का अवसर भी बनी।












